प्रसव पीड़ा के दौरान 102 एंबुलेंस समय पर न पहुंचने से मां और नवजात की मौत।

कोरबा। करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नॉन्बिरा के कुम्हारपारा में एंबुलेंस के समय पर नहीं पहुंचने से एक गर्भवती महिला और उसके बच्चे की मौत हो गई। घटना शनिवार-रविवार दरमियानी रात की है, जिसने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया।

 

जानकारी के अनुसार ग्राम नॉन्बिरा निवासी ताराबाई राठिया को शनिवार रात करीब 11 बजे अचानक प्रसव पीड़ा उठी। परिजनों ने तुरंत एंबुलेंस को फोन किया, लेकिन वाहन देर से पहुंचा। इस बीच महिला ने घर पर ही जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक नवजात और मां की मौत हो गई।

 

परिजनों का आरोप

 

मृतका की जेठानी अंजनी राठिया ने बताया कि यदि समय पर एंबुलेंस उपलब्ध होती तो यह हादसा नहीं होता। परिजनों के अनुसार पहले करतला में एंबुलेंस के लिए कॉल किया गया, लेकिन वहां से कहा गया कि सुविधा उपलब्ध नहीं है। बाद में सड़क बुंदिया से एंबुलेंस भेजी गई, जिससे काफी देर हो गई।

 

दूसरी ओर, मृतका की जेठानी केवला बाई का कहना है कि विभाग की लापरवाही और देर से पहुंची एंबुलेंस के कारण मां-बच्चे दोनों की जान चली गई।

 

मितानिन का बयान

 

ग्राम की मितानिन गिरजा बाई राठिया ने बताया कि फिलहाल उनका हड़ताल चल रहा है, जिसके चलते पीड़ित परिवार को जिला अस्पताल जाने की सलाह दी गई थी। उन्होंने माना कि एंबुलेंस लेट पहुंची और यही घटना का मुख्य कारण बना।

इस घटना से पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि समय पर एंबुलेंस और स्वास्थ्य सुविधा न मिलने के कारण यह दुखद हादसा हुआ।

Related Post