“चलो आयुर्वेद की ओर” मिशन के तहत लायंस क्लब कोरबा एवरेस्ट, पतंजलि चिकित्सालय और श्री शिव औषधालय द्वारा बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से “बच्चे रहे स्वस्थ” योजना के अंतर्गत स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार का आयोजन महानदी कॉम्प्लेक्स निहारिका स्थित पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय में किया गया। यह कार्यक्रम पुष्य नक्षत्र के अवसर पर नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पहुंचे अभिभावकों ने बताया कि बच्चों में उन्हें सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिले हैं। इसी क्रम में रजगामार निवासी धर्मवीर देवांगन ने बताया कि उनका छह वर्षीय बेटा मोहित, स्वर्ण बिन्दु प्राशन लेने के बाद पहले की तुलना में स्पष्ट उच्चारण करने लगा और पढ़ाई में भी अधिक रुचि दिखाने लगा। उन्होंने चिकित्सक डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा और संस्थान की संचालिका प्रतिभा शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया।
संस्थान के चिकित्सक डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने बताया कि स्वर्ण बिन्दु प्राशन संस्कार, आयुर्वेद में वर्णित 16 प्रमुख संस्कारों में से एक है, जिसका उल्लेख प्राचीन ग्रंथों काश्यप संहिता एवं सुश्रुत संहिता में मिलता है। उन्होंने कहा कि संस्था इस परंपरा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से नियमित रूप से शिविर आयोजित कर रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित टीम सदस्यों—संचालिका प्रतिभा शर्मा, पतंजलि सेल्स कोऑर्डिनेटर चितरंजन गुप्ता, तथा नेत्रनन्दन साहू, कमल धारिया, अश्वनी बुनकर, सिद्धराम सारथी, राकेश इस्पात, सिमरन जायसवाल, दीपमाला राठिया एवं हर्ष नारायण शर्मा ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
