कलेक्टर ने किया विकासखंड कोंडागांव के विभिन्न आश्रम-छात्रावासों का औचक निरीक्षण, व्यवस्था सुधारने के दिए शख्त निर्देश

कोंडागांव, 19 सितंबर 2025: कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने शुक्रवार को कोंडागांव विकासखंड के विभिन्न आश्रम, छात्रावास और विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और बच्चों को दी जा रही आवासीय सुविधाओं का गहन अवलोकन किया।

Uploaded Image

बालक आश्रम कारसिंग में कलेक्टर ने कक्षाओं में अध्ययनरत बच्चों से सीधे संवाद कर पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अधीक्षक एवं शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को स्वच्छता की आदतें और अनुशासन का पालन सिखाया जाए। साथ ही सभी बच्चों को नियमित रूप से साफ-सुथरी स्कूल ड्रेस और जूते पहनने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

Uploaded Image

निरीक्षण के दौरान उन्होंने सभी आश्रमों एवं विद्यालयों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की जांच करने तथा पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सभी रसोईघरों को धुएं रहित बनाने हेतु गैस सिलेंडर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

 

खराब भोजन व्यवस्था पर जताई नाराजगी

Uploaded Image

बालक आश्रम करियाकांटा में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोपहर के भोजन में बच्चों को सब्जी नहीं दिए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए प्राचार्य का एक माह का वेतन रोकने और मध्यान्ह भोजन तैयार करने वाले समूह को तत्काल हटाने के निर्देश दिए।

 

विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र का भी निरीक्षण

Uploaded Image

कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मयूरडोंगर का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके पश्चात उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर करियाकांटा पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने वहां प्रसव सुविधा, दवाइयों की उपलब्धता तथा ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Uploaded Image

निरीक्षण के दौरान एसडीएम अजय उरांव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर. के. चतुर्वेदी, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग कृपेंद्र तिवारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post