छत्तीसगढ़ के युवाओं ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल जगत में राज्य का गौरव बढ़ाया है। महासमुंद जिले के पिथौरा निवासी पावरलिफ्टर प्रेम राजन रौतिया ने नेपाल के पोखरा में आयोजित एसबीकेएफ इंटरनेशनल गेम्स 2024 में अंडर-30 कैटेगरी में 735 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस शानदार उपलब्धि पर प्रेम राजन रौतिया ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास, रायपुर में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने उन्हें इस उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई दी और कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं की ऐसी उपलब्धियाँ पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करते रहें।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, खेमराज बाकरे, और मेहर रविदास समाज के अनेक प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। सभी ने रौतिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
