बंगाल-असम जीत पर रायगढ़ में जश्न: झालमुरी बांटकर मनाई खुशी

पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन और जीत की खबर मिलते ही रायगढ़ शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई। नतीजों के बाद पार्टी कार्यालय से लेकर शहर के विभिन्न हिस्सों में जश्न का माहौल देखने को मिला।

इस दौरान भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और महिला मोर्चा की सदस्याओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते हुए और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ नेताओं, महापौर और सांसद की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया। महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए इस जीत को लोकतंत्र में जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।

जश्न का मुख्य आकर्षण शहर का प्रसिद्ध सोनी मुर्रा ठेला रहा, जहां शाम करीब 5 बजे भाजपा कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पहुंचे। यहां आम नागरिकों और युवाओं के बीच नि:शुल्क झालमुरी का वितरण किया गया, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

इस मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में मिली सफलता पार्टी की नीतियों और विकास कार्यों पर जनता के बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने इसे विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों की जीत बताते हुए कार्यकर्ताओं को बधाई दी।

जिलेभर में गूंजते नारों और उल्लासपूर्ण माहौल के बीच यह जश्न देर तक चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भागीदारी निभाई।

Related Post