कोंडागांव, 08 मई 2026। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को शासकीय जिला चिकित्सालय कोंडागांव में जिला स्तरीय रक्तदान शिविर एवं महिलाओं के लिए निःशुल्क कैंसर जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ बस्तर विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं कोंडागांव विधायक लता उसेंडी ने किया। इस अवसर पर कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना, पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। विधायक ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उन्हें प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक लता उसेंडी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी मानव सेवा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में निस्वार्थ भाव से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के माध्यम से गांव-गांव में स्वास्थ्य जांच कर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने नागरिकों से स्वास्थ्य संबंधी अभियानों में सक्रिय भागीदारी की अपील भी की।

शिविर में महिलाओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ओरल कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मैमोग्राफी के माध्यम से स्तन कैंसर तथा वीआईए पद्धति से सर्वाइकल कैंसर की जांच की गई।

रक्तदान शिविर में पुलिस विभाग एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। शिविर में कुल 25 यूनिट रक्तदान किया गया।

जिले के सभी विकासखंडों से पहुंचे हितग्राहियों सहित कुल 405 लोगों का पंजीयन किया गया। इनमें 21 महिलाओं की एएनसी जांच, 35 लोगों की कैंसर स्क्रीनिंग, 6 लोगों की वीआईए एवं वीआईएलआई जांच की गई। सभी कैंसर जांच रिपोर्ट सामान्य पाई गईं। उच्च रक्तचाप एवं शुगर के 180 मरीजों का उपचार किया गया, जबकि 248 सामान्य मरीजों का इलाज हुआ। शिविर में 8 सोनोग्राफी, 10 सीटी स्कैन तथा अर्श क्लीनिक में 28 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। 11 लोगों के आयुष्मान कार्ड भी तत्काल बनाए गए।
टीबी स्क्रीनिंग के दौरान 23 लोगों की जांच की गई, जिनमें 2 मरीज पॉजिटिव पाए गए और उनका तत्काल उपचार प्रारंभ किया गया। वहीं ओरल कैंसर स्क्रीनिंग में 16 लोगों की जांच की गई, जिसमें एक 80 वर्षीय बुजुर्ग में ओरल कैंसर के लक्षण पाए गए।
कार्यक्रम में मनोज जैन, दीपेश अरोरा, जितेंद्र सुराना, उत्तम रक्षित, सोनामणि पोयाम, नागेश देवांगन, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, अपर कलेक्टर चित्रकांत चाली ठाकुर, एसडीएम अजय उरांव, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी, सिविल सर्जन डॉ. पी.एल. मंडावी, डीपीएम डॉ. भावना महलवार सहित रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
