चांपा में अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ भाजयुमो का प्रदर्शन, विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन

Uploaded Image

लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने से नागरिक परेशान, व्यवस्था सुधारने की मांग

चांपा | 29 मई 2026 / विशु तिवारी 

चांपा नगर में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने विद्युत विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। भाजयुमो उपाध्यक्ष आकाश भोजवानी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों ने विद्युत विभाग को ज्ञापन सौंपकर जल्द से जल्द व्यवस्था सुधारने की मांग की।

ज्ञापन सहायक अभियंता, छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी, चांपा जोन के नाम सौंपा गया। ज्ञापन में कहा गया कि नगर में लगातार हो रही बिजली कटौती एवं लो वोल्टेज की समस्या से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे आम नागरिकों, व्यापारियों एवं विद्यार्थियों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

भाजयुमो उपाध्यक्ष आकाश भोजवानी ने कहा कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। उन्होंने विभाग से मांग की कि नगर की बिजली व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए तत्काल प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जाएं।

इस अवसर पर भाजपा नगर मंत्री गौतम यादव, भाजयुमो अध्यक्ष लव देवांगन, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष विक्रांत बघेल, भाजयुमो महामंत्री प्रदीप यादव, मंत्री सिद्धार्थ पाठक, अनुसूचित जाति मोर्चा मंत्री ओमप्रकाश बघेल, जीतू भोजवानी, मनोज भोजवानी, पी.आर. बघेल, बी.आर. लहरें, सुनीता शर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं नगरवासी उपस्थित रहे।

Related Post