रायगढ़/पश्चिम बंगाल एवं असम विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन और जीत की खबर सामने आते ही रायगढ़ शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह की लहर दौड़ गई। चुनावी नतीजों में भाजपा की बढ़त और जीत की खबरों के बाद स्थानीय भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा महिला मोर्चा की सदस्याओं ने जोरदार जश्न मनाया।
रायगढ़ में आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ सदस्य, महापौर एवं सांसद की मौजूदगी ने इसे विशेष महत्व प्रदान किया। पार्टी कार्यालय और शहर के विभिन्न हिस्सों में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर, ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य कर तथा जोरदार नारों के साथ अपनी खुशी व्यक्त की। महिला कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भाजपा की इस जीत को लोकतंत्र की जीत बताते हुए इसे जनता के विश्वास का प्रतीक बताया।
जश्न का मुख्य आकर्षण रायगढ़ के प्रसिद्ध सोनी मुर्रा ठेला , जो अपनी स्वादिष्ट झलमुरी के लिए पूरे शहर में प्रसिद्ध है। शाम 5:00 बजे से भाजपा कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी के नेतृत्व में सोनी मुर्रा झलमुरी के पास पहुंचे, जहां नागरिकों के बीच नि:शुल्क झलमुरी वितरण किया गया। बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा इस दौरान मौजूद रहे ।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल और असम में मिली सफलता देश की जनता के भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों पर बढ़ते विश्वास को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की नीतियों की जीत है।
