कोंडागांव, 28 मई 2026 | यूनिसेफ एवं भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के संयुक्त तत्वावधान में जिले में “तारुण्य वार्ता” कार्यक्रम के अंतर्गत 25 मई से 31 मई 2026 तक मासिकधर्म स्वच्छता जागरूकता सप्ताह मनाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से किशोर-किशोरियों को मासिकधर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों एवं मासिक चक्र की वैज्ञानिक जानकारी दी जा रही है। कार्यक्रम में महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मासिकधर्म स्वच्छता से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ रायपुर के राज्य मुख्य आयुक्त इंदरजीत सिंह खालसा तथा जिला कलेक्टर एवं संरक्षक भारत स्काउट गाइड नूपुर राशि पन्ना के निर्देशानुसार, जिला आयुक्त एवं जिला शिक्षा अधिकारी भारती प्रधान के मार्गदर्शन तथा जिला संगठन आयुक्त भीषभदेव साहू के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

25 मई को सेजस दहीकोंगा में आयोजित कार्यक्रम में डीओसी भीषभदेव साहू, संस्था के प्राचार्य त्रिनाथ प्रसाद जोशी, रोवर प्रभारी दशरथ लाल ध्रुव, स्काउट प्रभारी खोगेंद्र नाग, हेल्थ केयर प्रभारी श्रीमती किरण वर्मा, वरिष्ठ व्याख्याता योगेश्वर सिन्हा, शुभम निषाद, श्रीमती जूही पांडे एवं प्रकर्ष राव की उपस्थिति में छात्र-छात्राओं को मासिकधर्म स्वच्छता प्रबंधन की जानकारी दी गई।

वहीं 27 मई को भारत स्काउट एवं गाइड कोंडागांव के जिला सचिव चमन लाल सोरी के नेतृत्व एवं भीषभदेव साहू के मार्गदर्शन में विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान प्राचार्य गोपाल राम मरकाम, रेंजर लीडर श्रीमती कुमकुम सोरी, वरिष्ठ व्याख्याता श्रीमती अस्मिता मिन्ज, हाई स्कूल सिलाटी के प्राचार्य भुवन लाल कुंजाम, प्रधान अध्यापक श्रीमती राधिका कुंजाम, श्रीमती जमुना सोरी, चिपावंड प्राचार्य शीला सोनपिपरे तथा मुलमुला प्राचार्य रमेश सोनपिपरे सहित रोवर-रेंजर एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इसी क्रम में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल चिपावंड में प्रकाश देवांगन के नेतृत्व में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने मासिकधर्म से जुड़े सामाजिक संकोच को दूर करने और इस विषय पर खुलकर चर्चा करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण गतिविधि में विद्यार्थियों ने 28 मोतियों वाला एक विशेष ब्रेसलेट तैयार किया। जिला सचिव चमन लाल सोरी ने बताया कि इसमें 5 लाल रंग के मोती मासिकधर्म के पांच दिनों का प्रतीक हैं, जबकि शेष सफेद मोती सामान्य दिनों को दर्शाते हैं। वहीं डीओसी भीषभदेव साहू ने कहा कि इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों को मासिक चक्र की वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी सरल तरीके से प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और इसे ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक बताया। अंत में उपस्थितजनों ने किशोर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए ऐसे कार्यक्रमों को लगातार आयोजित किए जाने पर जोर दिया।
