रायगढ़-आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो द्वारा एक बार फिर रायगढ़ जिले में ट्रैप लगाकर एक भ्रष्ट अधिकारी को रंगे हाथ रिश्वत लेते दबोच लिया है l
दिनांक 16.9.25 को एसीबी रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में एनटीपीसी तिलाईपाली कार्यालय रायकेरा के उप महा प्रबंधक विजय दुबे को घरघोड़ा में अपनी वाहन में 4.50लाख रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
ग्राम तिलाईपाली जिला रायगढ़ निवासी सौदागर गुप्ता के द्वारा एसीबी में शिकायत की गई थी, कि उसके ग्राम तिलाईपाली स्थित मकान के तीन हिस्सों में मौखिक बटवारा के आधार पर वह तथा दो पुत्र अलग अलग हिस्से में रहते हैं।मकान वाली जमीन का एनटीपीसी द्वारा अधिग्रहण किए जाने पर उन्हें जमीन और मकान के मुआवजा की राशि मिल चुकी है l लेकिन पुनर्वास के लिए उसके बेटों को 30 लाख रुपए मिलना था ,जिसमें से 14 लाख रुपए उसके बेटों को मिल चुका है तथा शेष करीब 16 लाख रुपए का भुगतान कराने के एवज में आरोपी उप महा प्रबंधक विजय दुबे उससे 5 लाख रुपए रिश्वत की मांग कर रहा हैl और 50 हजार रुपए ले चुका है तथा शेष राशि 4.50 लाख रुपए की और मांग कर रहा है l
पीड़ित की शिकायत पर एसीबी की टीम ने भ्रष्ट अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ने के लिए योजना बनाई और उसे पेट्रोल पंप के पास उसके ही गाड़ी में रिश्वत के रुपए के साथ रंगे हाथ पकड़ लिया l
जिसके विरुद्ध धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत कार्यवाही की जा रही है। एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा जिले में इतनी बड़ी कार्रवाई पहली बार हुई है lजिसमें इतने बड़े रकम को आरोपी से जप्त किया गया है।
लगभग साल भर में रायगढ़ जिले में एसीबी बिलासपुर की यह 8 वीं ट्रैप कार्यवाही है। वही एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा आरोपी के अन्य संपत्तियों की भी जांच की कार्यवाही की जा रही है
