Anp News मोबाइल हेल्थ वैन और प्रोजेक्ट आरोग्य से गांव-गांव तक पहुंच रहा इलाज

Anp News Live Korba ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) की पहल प्रभावी साबित हो रही है। बालको की मोबाइल हेल्थ वैन (एमएचवी) और प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से वित्तीय वर्ष 2026 में करीब 1.2 लाख लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला है।

दूरस्थ गांवों में जहां कभी इलाज के लिए लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी, वहां अब मोबाइल हेल्थ वैन के जरिए घर के पास ही चिकित्सकीय परामर्श, जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध हो रही है।

पाढ़ीमार गांव की 60 वर्षीय फूलमणि एक्का वर्षों से गठिया और जोड़ों के दर्द से परेशान थीं। स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना उनके लिए मुश्किल था। उन्होंने बताया कि मोबाइल हेल्थ वैन के गांव पहुंचने से अब उन्हें नियमित उपचार, डॉक्टरों की सलाह और फिजियोथेरेपी संबंधी मार्गदर्शन मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य में सुधार हुआ है।

कोरबा के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस. एन. केशरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में बालको जैसी औद्योगिक इकाइयां महत्वपूर्ण सहयोगी की भूमिका निभा रही हैं। उनके अनुसार प्रोजेक्ट आरोग्य और मोबाइल हेल्थ वैन के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं।

बालको की मोबाइल हेल्थ वैन आसपास के 70 गांवों और समुदायों में प्रत्येक पखवाड़े नियमित रूप से पहुंचती है। इसमें फिजियोथेरेपी और प्रयोगशाला जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। वैन में 40 से अधिक प्रकार की स्वास्थ्य जांच मौके पर ही की जा सकती हैं। इस पहल से वित्तीय वर्ष 2026 में 27 हजार से अधिक लोगों को लाभ मिला है।

वहीं प्रोजेक्ट आरोग्य के तहत स्वास्थ्य शिविर, जागरूकता कार्यक्रम और प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं संचालित की जा रही हैं। इस परियोजना के माध्यम से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, कुपोषण, एनीमिया, टीबी, एचआईवी और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर जागरूकता एवं चिकित्सा सहायता प्रदान की जा रही है।

बालकोनगर के समीप रहने वाली नेहा कंवर ने बताया कि प्रोजेक्ट आरोग्य से मिले पोषण संबंधी मार्गदर्शन के कारण उनकी बेटी काव्या के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। केवल दो महीनों में उसका वजन बढ़कर सामान्य श्रेणी में पहुंच गया।

बालको के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026 में प्रोजेक्ट आरोग्य से 93 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हुए हैं। मोबाइल हेल्थ वैन और प्रोजेक्ट आरोग्य के माध्यम से बालको ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने और स्वस्थ समुदाय के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

Related Post