Anp News Live Nagpur राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET-UG) 2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं कीं, जिसकी व्यापक सराहना हो रही है।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन में रेलवे के विभिन्न विभागों ने समन्वित रूप से कार्य करते हुए परीक्षा के दौरान यात्रियों की सुविधा सुनिश्चित की। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले हजारों अभ्यर्थियों के लिए विशेष रेल सेवाएं, अतिरिक्त कोच, हेल्प डेस्क, सूचना केंद्र और 24×7 वार रूम की व्यवस्था की गई थी।
नागपुर मंडल क्षेत्र के राजनांदगांव, नागपुर, गोंदिया, भंडारा, बालाघाट और छिंदवाड़ा सहित विभिन्न शहरों में कुल 85 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 36 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना थी। इसे देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रा प्रबंधन और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए।

रेलवे स्टेशनों पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी, सिविल डिफेंस, स्काउट्स एवं गाइड्स तथा रेलवे कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती की गई। यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी, प्लेटफॉर्म, परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के मार्ग और अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान भंडारा रोड रेलवे स्टेशन पर रेलवे कर्मचारियों की संवेदनशीलता और तत्परता का एक प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया। परीक्षा देने जा रहे एक अभ्यर्थी की ट्रेन छूटने वाली थी, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने समय रहते उसकी सहायता कर उसे सुरक्षित रूप से ट्रेन में चढ़ाया, जिससे वह समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सका। इस मानवीय पहल की यात्रियों और अभिभावकों ने जमकर सराहना की।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने इस सफल आयोजन में योगदान देने वाले रेलवे कर्मचारियों, आरपीएफ, जीआरपी, सिविल डिफेंस, स्काउट्स एवं गाइड्स सहित सभी विभागों की प्रशंसा की। वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जनसंपर्क अधिकारी दिलीप सिंह ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इसी समर्पण के साथ कार्य किया जाएगा।
राष्ट्रीय महत्व की परीक्षा के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, नागपुर मंडल की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम नहीं, बल्कि देश के महत्वपूर्ण दायित्वों के निर्वहन में एक संवेदनशील और भरोसेमंद सहयोगी भी है।
