Anp News Live Korba सामुदायिक विकास और ग्रामीण उत्थान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बालको ने आसपास के गांवों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के माध्यम से लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य जारी रखा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में कंपनी की विभिन्न पहलें ग्रामीणों के लिए नई उम्मीद और बेहतर जीवन का आधार बन रही हैं।
कंपनी द्वारा निर्मित सामुदायिक भवन, सीसी सड़कें, सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट, नंद घर तथा अन्य विकास कार्यों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया है। इन परियोजनाओं से न केवल लोगों की दैनिक जरूरतें पूरी हो रही हैं, बल्कि सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को भी नई दिशा मिल रही है।
नेता प्रतिपक्ष, नगर पालिक निगम कोरबा कृपाराम साहू ने कहा कि नेहरू नगर में निर्मित सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात साबित हुआ है। इससे स्थानीय नागरिकों को सामाजिक और सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हुआ है।
वहीं ग्राम पंचायत सोनगुढ़ा की सरपंच लक्ष्मी सिंह तंवर ने बताया कि सामुदायिक भवन, सौर ऊर्जा आधारित स्ट्रीट लाइट, आंगनवाड़ी के जीर्णोद्धार, स्कूल बाउंड्रीवॉल और तालाब गहरीकरण जैसे कार्यों से गांव की आधारभूत संरचना मजबूत हुई है और लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।
ग्राम पंचायत चूहिया की सरपंच पूजा राठिया ने कहा कि सीसी सड़क निर्माण से ग्रामीणों का आवागमन आसान हुआ है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार आया है। उन्होंने कंपनी के विकास कार्यों को ग्रामीणों के लिए लाभकारी बताया।
बालको का मानना है कि औद्योगिक विकास तभी सार्थक है जब उसके लाभ स्थानीय समुदाय तक पहुंचें। इसी सोच के तहत कंपनी सामाजिक विकास की विभिन्न योजनाओं पर लगातार कार्य कर रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने 12 सामुदायिक शौचालय, 2 सामुदायिक मंच और 4 सामुदायिक भवनों का निर्माण कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार किया है।
इन पहलों के माध्यम से बालको स्थानीय समुदायों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने और क्षेत्र के सतत विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
