प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज कोरबा ब्लॉक के दूरस्थ ग्राम लेमरू में आयोजित “सुशासन तिहार” जनसमस्या निवारण शिविर में शामिल होकर जनता से सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सेवा ही सरकार का सबसे बड़ा कर्तव्य है और “सुशासन तिहार” शासन की संवेदनशील एवं जनकेंद्रित कार्यशैली का प्रतीक बन चुका है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 1 मई से शुरू हुआ यह अभियान 10 जून तक पूरे प्रदेश में चलेगा, जिसके माध्यम से आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे परिवार का मुखिया अपने परिवार की समस्याओं को समझता है, वैसे ही सरकार भी जनता के सुख-दुख और जरूरतों को समझने का प्रयास कर रही है।
लेमरू में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री ने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही सुशासन तिहार का मूल उद्देश्य है।
लेमरू को मिली विकास की बड़ी सौगातें
मुख्यमंत्री ने लेमरू क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इनमें लेमरू में सिंचाई के लिए एनीकट निर्माण, पोस्ट मैट्रिक छात्रावास की स्थापना, ग्राम पंचायत अरसेना और नकिया में विद्युतीकरण, बरपानी से देवदुवारी तक विकास कार्य, साथ ही डोकरमना, कुदरी चिंगार और चिरईझुंझ में नए प्राथमिक स्कूल भवनों के निर्माण की घोषणा शामिल है।
इसके अलावा ग्राम पंचायत डोकरमना और चिरईझुंझ में नए आंगनबाड़ी भवन तथा देवपहरी वार्ड क्रमांक-1 में सीसी रोड और पुलिया निर्माण की भी घोषणा की गई।
मेधावी छात्रों को मिला सम्मान
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले कोरबा जिले के 18 मेधावी विद्यार्थियों को टैबलेट प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा और तकनीक के महत्व पर जोर दिया।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों के हितग्राहियों को राशन कार्ड, ट्राइसाइकिल, श्रवण यंत्र, सिंचाई पंप, पावर स्प्रेयर और आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से सुपोषित टोकरी भी प्रदान की गई।
किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए योजनाओं का जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसानों से रिकॉर्ड कीमत पर धान खरीद रही है और बोनस भी दे रही है। महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर महीने आर्थिक सहायता दी जा रही है। वहीं पीएम आवास योजना के तहत प्रदेश में लाखों गरीब परिवारों के लिए घर बनाए जा रहे हैं।
शिविर में उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, कलेक्टर कुणाल दुदावत सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
