Anp News Live Korba आगामी वर्षाकाल को देखते हुए जल संसाधन विभाग ने बाढ़ की संभावित स्थिति के मद्देनजर आम नागरिकों, उद्योगों और खनन इकाइयों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है। विभाग ने कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर मिनीमाता बांगो बांध माचाडोली एवं हसदेव बराज दर्री से नदी में पानी छोड़ा जा सकता है, जिससे निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ने की संभावना रहेगी।
हसदेव परियोजना मंडल, कोरबा के अधीक्षण अभियंता ने सर्वसाधारण एवं संबंधित संस्थानों को निर्देशित किया है कि हसदेव नदी के किनारे स्थित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित अपनी चल एवं अचल परिसंपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर लें। विशेष रूप से खनिज खदान संचालकों, औद्योगिक इकाइयों तथा अन्य संस्थानों को अपनी मशीनरी, उपकरण एवं सामग्री बाढ़ क्षेत्र से बाहर करने की सलाह दी गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि अचानक बाढ़ की स्थिति में होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा। इसलिए संभावित नुकसान से बचाव के लिए समय रहते आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी है।
प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क करने के लिए मुनादी कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। संभावित बाढ़ क्षेत्र में आने वाले गांवों में बांगो, लेपरा, नुनिया, कछार, कोनकोना, पोड़ीउपरोड़ा, चर्रा, पाराघाट, सिरकीकला, केरा, हथमार, नवागांव, कौरीघाट, डोंगाघाट, धनगांव, स्याहीमुड़ा, जेलगांव, चारपारा, जोगीपाली, कोहड़िया, राताखार, कुदुरमाल, चिचोली, कटबितला, झीका और ढिठोली सहित कई अन्य गांव शामिल हैं।
जल संसाधन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क बनाए रखें। विभाग लगातार जलस्तर की निगरानी कर रहा है तथा स्थिति के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
