कोरबा के बालको क्षेत्र में एक 11 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का आरोपी पहले भी अपने बेटे की हत्या के मामले में जेल जा चुका है जिसकी कुछ महीने पहले ही जमानत हुई थी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भगाने के फिराक में था जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर दबोच लिया।
यह पूरा मामला बालको थाना क्षेत्र लालघाट मुंडा मोहल्ला का है। बताया जा रहा है कि आरोपी सरना सिंकू उम्र (26 वर्ष) ने 11 साल की बच्ची को खाना बनाने के बहाने अपने घर बुलाया। बच्ची की मां को उसने कहा कि उसे भूख लगी है और खाना नहीं बन रहा है। मां ने बच्ची को भेज दिया। वहीं जब काफी देर बीत जाने के बाद बच्ची वापस नहीं लौटी तब मां ने एक लड़के को देखने भेजा तब घटना की जानकारी हुई।
डरी सहमी बच्ची ने अपनी मां को आपबीती बताई। मां ने तत्काल इसकी सूचना बालको पुलिस को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। आरोपी सरना सिंकू के खिलाफ धारा 115(2), 65(2) BNS और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
