नाबालिक से अनाचार का आरोपी कुछ ही घंटों में गिरफ्तार, कोंडागांव पुलिस की त्वरित कार्रवाई

कोंडागांव, 25 जुलाई 2025 – कोंडागांव जिले के बड़े डोंगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिक लड़की के साथ अनाचार करने वाले आरोपी को पुलिस ने महज कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने शादी का झांसा देकर नाबालिक से लगातार शारीरिक संबंध बनाए, जिसके कारण पीड़िता छह माह की गर्भवती हो गई थी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 23 जुलाई 2025 को पीड़िता ने बड़े डोंगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि जनवरी 2025 से आरोपी, जिसका नाम अमल साय नेताम (उम्र 22 वर्ष, निवासी मोहपाल, थाना बड़े डोंगर) है, उसे नाबालिक जानते हुए भी लगातार जबरन शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस घटना के परिणामस्वरूप पीड़िता छह महीने की गर्भवती हो गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए, पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार (भा.पु.से.) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.डी. पटेल (रा.पु.से.) के मार्गदर्शन में, और पुलिस अनुविभागीय अधिकारी फरसगांव अभिनव उपाध्याय के नेतृत्व में तत्काल एक टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के गांव मोहपाल में दबिश दी और उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी अमल साय नेताम ने जनवरी 2025 में पीड़िता के गांव में एक शादी समारोह के दौरान उसे अपने घर मोहपाल ले जाकर अनाचार करने की बात स्वीकार की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भुनेश्वर नाग, सहायक उपनिरीक्षक शिवप्रसाद ठाकुर, प्रधान आरक्षक श्रवण कुमार मंडावी, राजेंद्र कुजूर, आरक्षक कमलेश मरकाम, सुकमन नेताम, बुधमन नेताम, राजेंद्र नेताम, फागेंद्र मरकाम, हीरासिंग नेताम, यशवंत मरकाम और महिला आरक्षक शिवंती नेताम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Related Post