NHM के 25 बर्खास्त कर्मचारी बहाल, हड़ताल के बाद सरकार का बड़ा फैसला

नए साल की पूर्व संध्या पर छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के संविदा कर्मचारियों को राज्य सरकार से बड़ी राहत मिली है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के निर्देश पर मिशन संचालक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन छत्तीसगढ़ द्वारा जारी आदेश में हड़ताल अवधि के दौरान की गई प्रशासनिक कार्रवाई को निरस्त करते हुए 25 बर्खास्त संविदा अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सेवा बहाली का निर्णय लिया गया है। इस निर्णय केUploaded Image तहत संबंधित कर्मचारियों की जिला स्तर पर पुनः ज्वाइनिंग सुनिश्चित की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि प्रदेश के लगभग 16,500 NHM संविदा कर्मचारियों ने अपनी 10 सूत्रीय मांगों को लेकर 18 अगस्त 2025 से 19 सितंबर 2025 तक अनिश्चितकालीन हड़ताल की थी। हड़ताल के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़े असर के बाद प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 25 कर्मचारियों को सेवा से पृथक कर दिया गया था। बाद में शासन से हुई वार्ता और आश्वासन के पश्चात कर्मचारियों ने आंदोलन समाप्त किया था, साथ ही बर्खास्त कर्मियों की बहाली का भरोसा दिया गया था।

अब जारी आदेश में हड़ताल अवधि के दौरान की गई कार्रवाई को शून्य घोषित करते हुए सभी 25 कर्मचारियों की सेवा बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा जिला स्वास्थ्य समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रायगढ़ जिले के भी 02 कर्मचारियों की सेवा बहाली से स्थानीय स्तर पर खुशी का माहौल है।

इस फैसले से NHM संविदा कर्मचारियों में हर्ष और राहत की लहर दौड़ गई है। कर्मचारियों ने इसे सरकार की सकारात्मक सोच और संवेदनशील निर्णय बताया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश NHM कर्मचारी संघ की ओर से माननीय स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य सचिव एवं मिशन संचालक का आभार व्यक्त किया गया है। साथ ही प्रदेशभर के कर्मचारियों की एकजुटता और सहयोग के लिए धन्यवाद दिया गया।

संघ पदाधिकारियों ने जिला स्तर पर भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के सहयोग की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आने वाले समय में कर्मचारियों की शेष मांगों पर भी सरकार शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी। कर्मचारियों का कहना है कि यह फैसला न केवल बहाल कर्मियों के लिए न्याय है, बल्कि पूरे NHM परिवार के लिए नए साल का उपहार साबित हुआ है।

Related Post