कोण्डागांव, 17 जून 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 11 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को कोण्डागांव सर्किट हाउस में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कोण्डागांव जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीते 11 वर्षों में भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मंत्री देवांगन ने कहा, "यह कार्यकाल केवल सत्ता का नहीं, सेवा का युग रहा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तरदायी और पारदर्शी शासन की स्थापना हुई है।"
उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में भ्रष्टाचार और बिचौलियों का बोलबाला था, लेकिन मोदी सरकार ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से लाभार्थियों तक योजनाओं का सीधा लाभ पहुँचाया। उन्होंने जनधन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान, पीएम आवास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इनसे करोड़ों लोगों को सीधा लाभ मिला है।
मंत्री देवांगन ने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल भारत की आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ किया है, बल्कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश की साख को नई ऊँचाई दी है। उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित जिलों की संख्या में भारी गिरावट आई है और घटनाएं 70% तक कम हो चुकी हैं।
प्रेस वार्ता में मंत्री ने रक्षा और विदेश नीति की दिशा में भी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने "ऑपरेशन सिंदूर" का हवाला देते हुए भारत के आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता को रेखांकित किया। साथ ही, धारा 370 हटाने, तीन तलाक समाप्त करने और GST जैसे ऐतिहासिक निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन फैसलों ने देश की नीति और नीयत दोनों में स्पष्टता और शक्ति दिखाई है।
उन्होंने कहा, "एक समय था जब कहा जाता था कि 'ये नहीं हो पाएगा', लेकिन आज लोग कहते हैं – 'मोदी है तो मुमकिन है।'"
इस अवसर पर मंच पर कोण्डागांव विधायक लता उसेंडी, केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम, भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम, पूर्व जिलाध्यक्ष दीपेश अरोरा, वरिष्ठ नेता मनोज जैन, और नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल भी उपस्थित रहे।
प्रेस वार्ता के अंत में मंत्री देवांगन ने कहा कि यह 11 साल "विकास, विश्वास और बदलाव" के रहे हैं और देश आज आत्मनिर्भर भारत की दिशा में मजबूती से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, "विरासत भी, विकास भी – यही मोदी सरकार
का संकल्प है।"
