कोंडागांव, 08 जून 2026 | विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत ‘संडे ऑन साइकिल’ विशेष अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नागरिकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, नियमित व्यायाम को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।
विकासनगर स्टेडियम से आयोजित इस कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, नगर पालिका अध्यक्ष नरपति पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष जसकेतु उसेंडी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। रैली के शुभारंभ से पूर्व प्रतिभागियों ने योग एवं जुम्बा गतिविधियों में भाग लेकर फिटनेस के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।

अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर साइकिल रैली को रवाना किया। रैली विकासनगर स्टेडियम से प्रारंभ होकर जिला न्यायालय, पुराना सर्किट हाउस, जयस्तंभ चौक और बाजारपारा मार्ग से होते हुए पुनः विकासनगर स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई।
इस दौरान युवाओं, विद्यार्थियों, खिलाड़ियों एवं नगरवासियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। आयोजन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित साइकिल चलाने तथा प्रदूषण मुक्त वातावरण के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि साइकिलिंग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
