छुरिया:- भंडारपुर में आयोजित “सुशासन तिहार 2026” पर कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने जोरदार हमला बोलते हुए इसे सीधे-सीधे भाजपा सरकार का “प्रचार तिहार” करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरा आयोजन जनता की समस्याओं के समाधान से ज्यादा सरकार की छवि चमकाने का प्रयास है।
कांग्रेस नेता चुम्मन साहू ने तीखे शब्दों में कहा,“भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन का ढोल पीट रहे हैं, लेकिन हकीकत यह है कि गांव-गांव में आज भी लोग बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रहे हैं।”उन्होंने 17 पंचायतों से पहुंचे ग्रामीणों और 692 आवेदनों पर सवाल उठाते हुए कहा,“अगर सब कुछ ठीक है, तो इतने लोग अपनी समस्याएं लेकर एक ही दिन क्यों उमड़े? यह सुशासन नहीं, बल्कि बदहाल व्यवस्था का सबूत है।”
चुम्मन साहू ने तंज कसते हुए कहा,“पहले समस्याएं सालों तक लटकाओ, फिर एक दिन शिविर लगाकर फोटो खिंचाओ, यही भाजपा का नया सुशासन मॉडल बन गया है।”
उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष के गृह ग्राम का जिक्र करते हुए कहा कि“जहां नेताओं का अपना गांव ही विकास के लिए तरस रहा हो, वहां पूरे जिले में सुशासन के दावे सिर्फ भाषणों में ही अच्छे लगते हैं।”चुम्मन साहू ने आगे कहा,“ हकीकत में ‘जनता दर-दर’ भटक रही है। अगर सच में काम होता, तो लोगों को इस तरह लाइन लगाकर अपनी समस्याएं बतानी नहीं पड़ती।”
अंत में उन्होंने सीधी चुनौती देते हुए कहा,“मुख्यमंत्री जवाब दें सुशासन जमीनी है या सिर्फ मंच और माइक्रोफोन तक सीमित है?”
