पानाडिया में खेत पर दवाई छिड़कते समय जहरीले सांप के काटने से युवक की मौत
देवगढ़ थाना क्षेत्र के नयाखेड़ा लोहारिया निवासी सत्यनारायण मीणा पुत्र लच्छीराम मीणा की खेत में सांप के काटने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3 बजे सत्यनारायण अपनी पत्नी के साथ कोतवाली क्षेत्र के पानाडिया स्थित खेत पर फसल में दवाई छिड़काव कर रहा था। इसी दौरान जहरीले सांप ने उसे काट लिया। घटना के बाद दोनों पति-पत्नी तुरंत गांव नयाखेड़ा पहुंचे और वहां से भाई कमलेश व अन्य साथियों की मदद से निजी वाहन से जिला चिकित्सालय प्रतापगढ़ लेकर आए। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।सूचना पर कोतवाली पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया गया। मृतक के छोटे भाई कमलेश ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि कृषि कार्य करते समय खेत पर दवाई छिड़कते वक्त सांप के काटने से भाई की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम परिजनों की मौजूदगी में करवाया। मामले की जांच जांच अधिकारी कुलदीप सिंह द्वारा की जा रही है।
