कोण्डागांव, 4 जनवरी 2026 | वर्षों बाद कोण्डागांव नगर क्षेत्र के समीप एक युवा चीतल (स्पॉटेड डियर) नजर आने से इलाके में कौतूहल और उत्सुकता का माहौल बन गया। यह चीतल कोण्डागांव के चिखलपुटी स्थित नए बस स्टैंड के पीछे डामर प्लांट मार्ग पर देखा गया।
जानकारी के अनुसार, मार्ग से गुजर रहे एक स्थानीय हाईवा चालक ने अचानक सड़क किनारे चीतल को देखा और तुरंत उसका वीडियो बनाकर आसपास के लोगों को जानकारी दी। वीडियो सोशल मीडिया पर फैलते ही वन विभाग तक सूचना पहुंची।

सूचना मिलते ही वन विभाग हरकत में आ गया। विभाग की टीम चीतल की सुरक्षा और निगरानी के दृष्टिकोण से मौके पर रवाना हुई। वन अधिकारियों ने बताया कि चीतल संभवतः जंगल क्षेत्र से भटककर रिहायशी इलाके की ओर आ गया है। उसे सुरक्षित वातावरण में वापस जंगल की ओर ले जाने की तैयारी की जा रही है।
वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे चीतल के पास न जाएं, उसे डराने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास न करें और किसी भी तरह की जानकारी तुरंत विभाग को दें, ताकि वन्यजीव और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
