आंगनबाड़ी केंद्र बोतली से कार्यकर्ता एवं सहायिका नदारद, बच्चों की देखरेख पर उठे सवाल

कोरबा जिले के करतला विकासखंड अंतर्गत ग्राम बोतली स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में भारी लापरवाही का मामला सामने आया है। केंद्र में पदस्थ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सुनिता गबेल एवं सहायिका मालती राठिया बिना किसी पूर्व सूचना के कार्यस्थल से गायब पाई गईं। यह स्थिति न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा और पोषण के प्रति गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।

 

स्थानीय ग्रामीण राधिका (निवासी – टेंगनमार) जो कि नियमित कर्मी नहीं हैं, द्वारा भोजन बनाए जाने की जानकारी सामने आई है। राधिका ने बताया, “यहां कार्यकर्ता आज आई नहीं है, और जो सहायिका है वह कहीं चली गई है।” ऐसे में यह बड़ा सवाल बनता है कि जब कार्यकर्ता और सहायिका केंद्र में पदस्थ हैं, तो किसी ग्रामीण को खाना बनाने के लिए कैसे नियुक्त किया गया?

 

इस प्रकार की अनियमितता से आंगनबाड़ी केंद्र की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। यदि इस दौरान किसी बच्चे की तबीयत खराब हो जाती है या किसी प्रकार की अन्य समस्या होती है, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? यह प्रश्न अब प्रशासन के लिए चुनौती बन गया

है।

Related Post