स्वच्छता अभियान व स्वदेशी संकल्प के साथ प्रतापगढ़ जिले में वंदे मातरम् अभियान का शुभारंभ

स्वच्छता अभियान व स्वदेशी संकल्प के साथ प्रतापगढ़ जिले में वंदे मातरम् अभियान का शुभारंभ

प्रतापगढ़ 14 नवम्बर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शुक्रवार को प्रतापगढ़ जिले में वंदे मातरम् अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ उत्साहपूर्वक किया गया। जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय भावना तथा स्वदेशी अपनाने के संकल्प के लिए प्रेरित किया।

 

कार्यक्रम के तहत जिले के सभी खण्ड कार्यालयों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। खण्ड मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एसडीएस पीएमओ के नेतृत्व में चिकित्सा कर्मियों ने कार्यालय परिसर एवं आसपास की सफाई की। स्वच्छता गतिविधियों के बाद सभी उपस्थित कर्मियों ने स्वदेशी अपनाने का संकल्प लिया तथा सामूहिक रूप से “वंदे मातरम” गीत का गायन किया।

 

सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के सभी खण्ड कार्यालयों में एक साथ किया गया। मुख्य कार्यक्रम जीएनएम नर्सिंग काॅलेज धरियावद रोड़ स्थित परिसर में हुआ। जहां छात्र-छात्राओं, नर्सिंग कर्मियों, चिकित्सा कर्मियों ने कार्यक्रम में शिरकत किया। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के प्रमुख चिकित्साधिकारी डाॅ आलोक यादव, नर्सिंग काॅलेज के प्रींसिपल रतन पादीदार और उनकी टीम ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। सीएमएचओ ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सभी कर्मचारियों और नागरिकों में स्वदेशी को अपनाने तथा राष्ट्रभावना को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल साफ-सफाई को बढ़ावा देते हैं, बल्कि समाज में एकजुटता और जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करते हैं।

डॉ. मीणा ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार को यह अभियान जिले के सभी चिकित्सालयों में शुरू किया जाएगा, जहाँ इसी प्रकार स्वच्छता गतिविधियाँ, वंदे मातरम् गीत गायन तथा स्वदेशी संकल्प के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी स्वास्थ्य कर्मियों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे वंदे मातरम् अभियान में सक्रिय भागीदारी करके इसे सफल बनाएं।

Related Post