कोंडागांव, 29 जून 2025 — छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में बीते 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। शनिवार शाम से शुरू हुई रुक-रुक कर बारिश ने रविवार को पूरे नगर की गतिविधियों पर असर डाला। सप्ताहांत की छुट्टी के दिन जब आमतौर पर बाजारों में चहल-पहल रहती है, वहीं आज बारिश के कारण सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा।
नगरवासियों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति और शॉपिंग जैसी गतिविधियों के लिए घरों से निकलने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बनी रही, जिससे आवागमन में भी बाधा आई।
बारिश भले ही किसानों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से स्थानीय व्यापारियों को बड़ा झटका लगा है। शहर की सड़कों पर लगने वाली अधिकतर दुकानें बंद रहीं, वहीं खुले दुकानों में भी ग्राहकों की संख्या नगण्य रही। इससे छोटे और मझोले व्यापारियों को खासा नुकसान उठाना पड़ा।
स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने और अत्यधिक आवश्यकता होने पर ही घरों से निकलने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 48 घंटे तक क्षेत्र में इसी प्रकार की बारिश जारी रह सकती है।
