केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने आज कोरबा जिले के दीपका क्षेत्र का दौरा किया, जहां उनका भव्य और आत्मीय स्वागत भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। मंत्री दुबे ने दीपका स्थित प्रगति हाउस में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी से पुष्पगुच्छ और शाल प्राप्त कर स्वागत स्वीकार किया।
दौरे के दौरान मंत्री ने एसईसीएल (SECL) द्वारा संचालित दीपका कोयला खदान का निरीक्षण किया। उन्होंने खदान की उत्पादन प्रक्रिया, परिचालन व्यवस्था और भावी योजनाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के बाद उन्होंने परिसर में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
इसके पश्चात केंद्रीय मंत्री उत्कृष्ट कर्मियों के सम्मान समारोह में शामिल हुए, जहाँ उन्होंने कोयला खदान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया। यह समारोह कर्मवीरों के मनोबल को ऊँचा करने की दिशा में एक प्रेरक पहल रहा।
कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, कोरबा महापौर संजू देवी सिंह राजपूत, दीपका नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत, भाजपा सरगुजा संभाग प्रभारी ज्योति नंद दुबे, भाजपा प्रदेश सदस्य लक्की नंदा, एमआईसी सदस्य अजय कुमार चंद्रा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
केंद्रीय मंत्री का यह दौरा कोरबा की औद्योगिक संभावनाओं को बल देने, कर्मवीरों को मान-सम्मान देने और ‘हरित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणास्पद कदम साबित हुआ। ऊर्जा नगरी कोरबा में यह दौरा जनभागीदारी और विकास की मजबूत मिसाल बनकर सामने आया।
