कोण्डागांव, 07 जुलाई 2025: राज्य शासन के निर्देशानुसार संचालित "बने खाबो बने रहिबो" जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में तीसरे दिन खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा मिष्ठान भण्डार, होटल और स्ट्रीट फूड वेन्डरों की जांच की गई। इस अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित और स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।
अभियान के तहत स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें हेड कव्हर वितरित किए गए। वहीं, होटल संचालकों को अपने खाद्य परिसरों में अखबारी कागज का उपयोग न करने हेतु विशेष रूप से निर्देशित किया गया तथा इस आशय के डिस्प्ले बोर्ड भी लगवाए गए।
जांच के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें शामिल हैं:
प्रेम स्वीट्स एंड रेस्टोरेंट, कोण्डागांव से बर्फी
पटेल होटल, शामपुर से गुलाब जामुन और बालूशाही
राधे बीकानेर स्वीट्स से मावा और नमकीन मिक्चर
अन्ना मिक्चर से नमकीन मिक्चर
इन सभी नमूनों को परीक्षण हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है। कुल 15 नमूने जांच के लिए संकलित किए गए हैं।
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की जानकारी दी गई तथा साफ-सफाई, बार-बार तेल गर्म कर उपयोग न करने, खाद्य सामग्री के सही भंडारण, फूड हैंडलर्स की व्यक्तिगत स्वच्छता और वर्षा ऋतु में विशेष सावधानियों को लेकर जागरूकता फैलाई गई।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन, जिला कोण्डागांव द्वारा इस पहल के माध्यम से जनता को सुरक्षित खाद्य उपभोग के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे "बने खाबो, बने रहिबो" का संदेश प्रभावी ढंग से ज
न-जन तक पहुंच सके।
