कोंडागांव, 24 सितंबर 2025 – छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु शुरू की गई महतारी सदन योजना के तहत कोंडागांव जिले को दो महतारी सदनों की सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज धमतरी जिले के मगरलोड विकासखंड के ग्राम करेली बड़ी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश भर के 51 महतारी सदनों का लोकार्पण किया। इनमें कोंडागांव जिले के केशकाल विकासखंड अंतर्गत ग्राम जामगांव और बहीगांव के महतारी सदन भवन शामिल हैं।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से शामिल हुए।
जामगांव में हुआ स्थानीय शुभारंभ

ग्राम जामगांव में स्थानीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीता शोरी, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नंदनी पोटाई सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में महतारी सदन भवन का विधिवत शुभारंभ किया गया।
महिलाओं से संवाद और योजनाओं की जानकारी

कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना ने कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद कर शासन की योजनाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने सुकन्या समृद्धि योजना, श्रम विभाग की योजनाएं, और लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना जैसे विषयों पर महिलाओं को जानकारी दी और योजनाओं से लाभान्वित होने के लिए प्रेरित किया।
नारी शक्ति को समर्पित महतारी सदन

पूर्व विधायक सेवकराम नेताम ने कहा कि नवरात्रि के शुभ अवसर पर महतारी सदन का शुभारंभ नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। जनपद अध्यक्ष श्रीमती पोटाई ने सभी महिलाओं को शुभकामनाएं दी और कहा कि ये सदन महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने में सहायक सिद्ध होंगे।
इस मौके पर जनपद उपाध्यक्ष ओमप्रकाश मरकाम, नगर पंचायत अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम सुश्री आकांक्षा नायक, जनपद पंचायत सीईओ अनुराग सिन्हा, तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद थीं।
