रुपये डबल करने का झांसा देकर ठगी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नकली नोटों की गड्डियां बरामद, प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
प्रतापगढ़।
पुलिस थाना प्रतापगढ़ ने रुपये डबल करने का लालच देकर आमजन से ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारतीय बच्चों के बैंक लिखे हुए नकली नोटों की गड्डियां भी जब्त की हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक प्रतापगढ़ के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी प्रतापगढ़ के सुपरविजन में थाना प्रतापगढ़ पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग निवेश के नाम पर लोगों को रुपये दोगुना करने का झांसा देकर ठगी कर रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपियों द्वारा निवेशकों को कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया जाता था। विश्वास में लेने के लिए नकली नोटों की गड्डियां दिखाकर यह भरोसा दिलाया जाता था कि रकम दोगुनी कर वापस की जाएगी। इसी तरीके से कई लोगों से ठगी की गई।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने मौके से नकली नोटों की गड्डियां जब्त कर ली हैं तथा आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे ठगी से जुड़े अन्य मामलों एवं गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की फर्जी निवेश योजना या रुपये डबल करने के लालच में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
