कोण्डागांव, 09 सितम्बर 2025 – कलेक्टर नुपूर राशि पन्ना के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि डी.पी. ताण्डे के नेतृत्व में जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने के उद्देश्य से निजी उर्वरक विक्रेताओं के गोदामों व बिक्री केन्द्रों का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्यवाही सोमवार को जिले के कोण्डागांव एवं बड़ेकनेरा क्षेत्रों में की गई।
निरीक्षण के दौरान कोण्डागांव स्थित पूजा कन्स्ट्रक्शन, उन्नत कृषि बीज केन्द्र, सुहाने एग्रो इंडिया प्रा.लि. तथा बड़ेकनेरा स्थित गौतम कृषि केन्द्र एवं बघेल कृषि केन्द्र का निरीक्षण किया गया। उप संचालक डी.पी. ताण्डे ने बताया कि जांच में कई संस्थाओं द्वारा नियमों का उल्लंघन पाया गया।

विशेष रूप से उन्नत कृषि बीज केन्द्र, सुहाने एग्रो इंडिया, और गौतम कृषि केन्द्र में वैध प्रमाणपत्र के बिना उर्वरक विक्रय, विक्रय दरों की जानकारी बोर्ड पर प्रदर्शित न करना, निर्धारित प्रपत्रों (प्रपत्र-ड एवं प्रपत्र-छ) का संधारण न करना तथा पीओएस मशीन में दर्ज आंकड़ों और भौतिक भंडार में अंतर जैसी गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। इन उल्लंघनों के लिए संबंधित संस्थाओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त, बघेल कृषि केन्द्र, बड़ेकनेरा के निरीक्षण में यह तथ्य सामने आया कि केंद्र का प्रोपराइटर पिछले 5 से 8 माह से जेल में है और संस्था का संचालन अन्य व्यक्तियों द्वारा किया जा रहा था। इस पर तत्काल प्रभाव से केंद्र को बंद कर दिया गया है और आगे की कार्यवाही जारी है।

कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में उर्वरकों की कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर सख्त निगरानी रखी जाएगी और नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
