मेकाहारा अस्पताल में दिनदहाड़े चोरी, मरीजों का पर्स लेकर फरार हुआ चोर,CCTV पुटेज आया सामने

रायपुर प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल हॉस्पिटल (मेकाहारा) में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई। इलाज कराने आए मरीजों और उनके परिजनों के पर्स एक चोर ने उड़ा लिए।

लगातार मिल रही चोरी की शिकायतों के बाद जब अस्पताल प्रशासन ने सीसीटीवी फुटेज खंगाली तो चौंकाने वाला दृश्य सामने आया। कैमरे में एक संदिग्ध युवक चोरी की वारदात को अंजाम देता साफ नजर आया।

बताया जा रहा है कि चोर ने एक परिजन के पर्स पर हाथ साफ किया, जिसमें दो मोबाइल फोन और करीब ₹40,000 नगद रखे थे। यह घटना अस्पताल के भीड़भाड़ वाले परिसर में हुई, जहां आए दिन मरीजों और उनके साथ आए लोगों की भीड़ उमड़ी रहती है।

 

घटना की जानकारी मिलते ही मौदहापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान की जा रही है। चोरी की बढ़ती घटनाओं से अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले लोग डरे-सहमे हैं, वहीं आम जनता प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग कर रही है।

 

 फिलहाल पुलिस टीम फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुट गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Related Post