पंचायत समिति अरनोद के सभागार भवन में आयोजित दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय आदि कर्मयोगी कार्यशाला का सफल समापन हुआ।
समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता उपखण्ड अधिकारी एवं विकास अधिकारी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर कार्यशाला में शामिल हुए सभी कर्मचारी एवं अधिकारी गण को प्रमाण पत्र वितरित किए गए तथा उन्हें आदि कर्मयोगी की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों व कर्मचारियों को सरकारी योजनाओं की पारदर्शी कार्यप्रणाली, तकनीकी नवाचार, जनसेवा में संवेदनशीलता तथा उत्तरदायित्व जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपखण्ड अधिकारी ने कहा कि “आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुँचाना ही हम सबकी पहली जिम्मेदारी है। केवल योजना बताना ही नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी जरूरी है कि पात्र व्यक्ति उन योजनाओं से लाभान्वित हो सके।
इस मौके पर विकास अधिकारी ने भी कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि “इस प्रकार की कार्यशालाएं कर्मचारियों में नवाचार और सेवा भाव को जागृत करती हैं। मुझे उम्मीद है कि कार्यशाला से प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभव को सभी अधिकारी-कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान जनसेवा में समर्पित करेंगे।”
समापन समारोह में ब्लॉक के विभिन्न विभागों से आए अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने इस पहल की सराहना की। कई कर्मचारियों ने साझा किया कि इस प्रशिक्षण से उनकी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति दृष्टिकोण में सकारात्मक बदलाव आएगा।
