कोंडागांव, 7 जनवरी 2026 | कोंडागांव नेशनल हाईवे पर स्थित राम मंदिर एवं राधा–कृष्ण मंदिर के पीछे सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद द्वारा लगभग 200 लाख रुपए लागत से निर्मित किया जा रहा गार्डन इन दिनों असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है। कथित रूप से अधूरे निर्माण कार्य के चलते गार्डन को बंद कर दिया गया है, लेकिन इसका फायदा असामाजिक तत्व उठा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के समय गार्डन परिसर में शराब खोरी और मांसाहार की अत्यधिक घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके साथ ही गार्डन में लगाए गए सामानों को भी काफी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। सूत्रों की मानें तो देर रात तक यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे आसपास के क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।

राम मंदिर और राधा–कृष्ण मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के समीप इस प्रकार की गतिविधियों से श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। लोगों ने नगर पालिका और पुलिस प्रशासन से गार्डन की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने, नियमित निगरानी और जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कर गार्डन को आम जनता के लिए खोलने की मांग की है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक ठोस कार्रवाई करता है।
