कोण्डागांव, 28 जून 2025: ब्लॉक कॉलोनी स्थित शासकीय इंग्लिश मीडियम प्राथमिक शाला की बदहाल स्थिति को लेकर पालकों में भारी असंतोष देखने को मिला। विद्यालय भवन अधूरा पड़ा है और शिक्षकों की भारी कमी है। इसी गंभीर विषय को लेकर पालकों व शाला प्रबंधन समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रमुख रूप से डीएस साहू सहित कई पालकगण शामिल हुए।
बैठक में डीएस साहू ने बताया कि स्कूल भवन जर्जर अवस्था में है, जिसकी मरम्मत या नए भवन की मांग लंबे समय से की जा रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भवन के पीछे एक नया स्कूल भवन निर्माणाधीन है, लेकिन वह कार्य भी अधूरा छोड़ दिया गया है। अब जब नया शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है और विद्यालय में 100 से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं, तो ऐसी स्थिति में बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा दोनों खतरे में हैं।
पालकों ने बताया कि बारिश के मौसम में जर्जर भवन में बच्चों का बैठना जोखिमभरा होता है, जिससे न केवल विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि शिक्षकों को भी काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूल में अंग्रेजी माध्यम के विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की भारी कमी भी सामने आई है, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने में कठिनाई आ रही है।
पालकों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि निर्माणाधीन भवन का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए और स्कूल में आवश्यक संख्या में योग्य शिक्षक पदस्थ किए जाएं, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
