जिला प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार ने जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ली विकासात्मक कार्यों, बजट घोषणाओं एवं महत्वपूर्ण योजनाओं में प्रगति की समीक्षा बैठक
आमजन की अपेक्षाओं और ज़मीनी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बजट होगा तैयार: प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार
प्रतापगढ़, 13 जनवरी। जिला प्रभारी मंत्री तथा राज्य मंत्री, सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला अधिकारिता एवं बाल विकास विभाग, बाल अधिकारिता विभाग डॉ. मंजू बाघमार ने मंगलवार को कलक्ट्रेट सभागार में फ्लैगशिप सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं, बजट घोषणाओं एवं विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर जिला स्तरीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व बजट संवाद कर आमजन से सुझाव प्राप्त किए।
उन्होंने विभागों के आधारभूत संरचनागत कार्यों एवं बजट घोषणाओं की समीक्षा कर कार्यों को यथासमय गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश दिये। साथ ही विभाग की योजनाओं के बारे में जागरूक कर लाभान्वित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि देश और गांवों की बदली हुई सामाजिक-आर्थिक स्थिति को देखते हुए मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत–रोज़गार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 लागू किया गया है। यह केवल एक नया कानून नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के भविष्य की गारंटी है।
जिला कलक्टर डॉ. अंजलि राजोरिया ने जिले में सरकार की योजनाओं एवं बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराते हुए जिला प्रभारी मंत्री को विश्वास दिलाया कि बैठक में दिए गए निर्देशों की विभागीय समन्वय के साथ पालना सुनिश्चित कराई जाएगी।
मंत्री डॉ. बाघमार ने आगामी बजट के लिए प्राप्त किए सुझाव
बैठक में हितधारकों, गणमान्य नागरिकों एवं आमजन से बजट में शामिल करने के लिए सुझाव प्राप्त किए गए। सुझावों के साथ-साथ जिले की विकासात्मक आवश्यकताओं, नवीन योजनाओं, नवाचारों, अधोसंरचना परियोजनाओं, व्यापार वृद्धि, निवेश प्रोत्साहन, रोजगार सृजन, सामाजिक क्षेत्र तथा राजस्व संवर्धन से सम्बन्धित प्रस्तावों पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री डॉ. बाघमार ने कहा कि व्यवहारिक, वित्तीय रूप से युक्तिसंगत, समयबद्ध तथा मापनीय परिणामों वाले प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ सरकार को भेजा जाएगा।
मंत्री ने कहा कि बैठक में प्राप्त प्रस्तावों की उपयोगिता जांची जाएगी। इसके अपेक्षित सकारात्मक परिणामों पर भी मंथन होगा। इनकी तकनीकी तथा आर्थिक व्यवहारिकता की जांच कर रिपोर्ट तैयार की जाएगी। धरातल पर उतरने योग्य प्रस्तावों पर प्राप्त सुझावों को अमल में लाया जाएगा।
इस दौरान पूर्व विधायक राजसमंद बंशीलाल खटीक, जिलाध्यक्ष महावीर सिंह कृष्णावत, वरदीचंद धाकड़, गोपाल धाभाई, रमेश गोपावत, जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य, अतिरिक्त जिला कलक्टर विजयेश कुमार पंड्या, डीएफओ सुनील कुमार अग्रवाल सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
