कोण्डागांव, 30 दिसंबर 2025 | जिले के मर्दापाल थाना क्षेत्र से दो महीने पहले लापता हुई एक 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने सफलतापूर्वक बरामद कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी युवक को तमिलनाडु से गिरफ्तार किया है, जिसने नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर अगवा किया था।
क्या है पूरा मामला?
घटना की शुरुआत 14 अक्टूबर 2025 को हुई, जब पीड़िता के भाई ने मर्दापाल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग बहन को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। पुलिस ने तत्काल गुम इंसान क्रमांक 10/2025 और अज्ञात के खिलाफ अपराध क्रमांक 23/2025 (धारा 137(2) BNS) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा (IPS) के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कौशलेन्द्र देव पटेल और एसडीओपी सतीश भार्गव के मार्गदर्शन में साइबर सेल की मदद ली गई।
जांच के दौरान पता चला कि नाबालिग को अंतिम बार ग्राम पदेली निवासी निलन कोर्राम (18 वर्ष) के साथ देखा गया था। साइबर सेल ने जब आरोपी का मोबाइल लोकेशन ट्रेस किया, तो उसका लोकेशन तमिलनाडु के मीकानैकेनेपट्टी क्षेत्र में मिला।
तमिलनाडु में दबिश और गिरफ्तारी
मर्दापाल पुलिस की टीम ने तत्काल तमिलनाडु पहुंचकर दबिश दी और नाबालिग को सुरक्षित बरामद किया। पूछताछ में पीड़िता ने बताया कि आरोपी उसे शादी का लालच देकर वहां ले गया था और नाबालिग जानते हुए भी उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट (POCSO) की संबंधित धाराएं जोड़ते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। सोमवार, 29 दिसंबर को आरोपी को अपर सत्र न्यायाधीश (पॉक्सो कोर्ट) कोण्डागांव में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्यवाही में मर्दापाल थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सोरी, सउनि नरेश कुमार साहू, प्रधान आरक्षक संतराम नायक, महिला प्रधान आरक्षक सुनीता उईके, आरक्षक समीर नेताम और तोषण कश्यप का विशेष योगदान रहा।
