कोरबा। थाना उरगा पुलिस ने उपद्रवियों के खिलाफ की जा रही लगातार कार्रवाई के तहत एक खतरनाक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शराब के नशे में हसियानुमा धारदार हथियार लहराते हुए मोहल्ले में दहशत फैला रहा था और परिवार को गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दे रहा था। पुलिस ने मौके से ही आरोपी को पकड़कर उसके कब्जे से हथियार जप्त किया है।
मामला इस प्रकार है
दिनांक 17 अगस्त 2025 को प्रार्थी संबोध राम सोनवानी निवासी रिस्दीहापारा, थाना उरगा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि सुबह करीब 9:35 बजे मोहल्ले में रहने वाला जोगेन्द्र कुर्रे उर्फ जोगी पिता मसतराम कुर्रे (उम्र 37 वर्ष) शराब पीकर उसके घर के सामने पहुंचा और हाथ में हसियानुमा धारदार हथियार लहराते हुए गंदी-गंदी गालियां देने लगा। आरोपी ने परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।
शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 361/2025 धारा 296, 351(3) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार किया गया और उसके पास से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार बरामद किया गया। मामले में आगे बढ़ते हुए धारा 111 (1)(ख) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमाण्ड पर भेज दिया गया।
अन्य आरोपी भी चढ़े पुलिस के हत्थे
इसी प्रकार थाना उरगा पुलिस ने मारपीट के एक अन्य मामले (अपराध क्रमांक 100/2025 धारा 296, 115(2), 3(5) बीएनएस) में शामिल आरोपी विक्रम सिंह गोड़ और रूपसिंह गोड़ उर्फ भोदूल (दोनों निवासी सुखरीकला) को गिरफ्तार किया। जमानत पर रिहा करने के बाद दोनों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए इस्तगासा क्रमांक 70/415/2025 धारा 170, 126(2), 135(3) बीएनएसएस के तहत माननीय सिटी मजिस्ट्रेट न्यायालय, कोरबा में पेश किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कार्रवाई
यह पूरी कार्यवाही पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री नितिश ठाकुर एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोरया श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में की गई। इसमें उप निरीक्षक राजेश तिवारी, प्रआर बसंत कुमार भैना, प्रआर राजेन्द्र पाल सिंह मरकाम, आर. क्र. 91 रामेन्द्र बर्मन एवं आर. क्र. 52 नितेश तिवारी की सराहनीय भूमिका रही।
