रायगढ़-जिले में एक शिक्षक का अमर्यादित व्यवहार चर्चा का विषय बन गया है। लैलूंगा ब्लॉक के स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय, लारीपाली में पदस्थ व्याख्याता महेश राम सिदार शराब के नशे में स्कूल पहुँच गए और छात्राओं के सामने अभद्र व्यवहार करने लगे। नशे में धुत शिक्षक ने स्कूल परिसर में हंगामा मचाते हुए प्राचार्य और अन्य शिक्षकों से भी बदसलूकी की।
घटना का वीडियो स्कूल स्टाफ ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सुबह से ही नशे में था शिक्षक
जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार की है। स्वामी आत्मानंद स्कूल में सुबह नियमित कक्षाएँ चल रही थीं। उसी दौरान करीब सुबह 10:30 बजे शिक्षक महेश राम सिदार नशे की हालत में स्कूल पहुँचे। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर किए और थोड़ी देर बाद स्कूल से चले गए।
लेकिन मामला तब बिगड़ा, जब दोपहर करीब 2 बजे वे फिर से स्कूल पहुँच गए और नवीं कक्षा की चल रही क्लास में घुस गए। वहाँ उपस्थित दूसरे शिक्षक को बीच में टोकते हुए छात्रों पर चिल्लाने और डांटने लगे।प्राचार्य के समझाने पर भड़का
जब कक्षा में हो रहे हंगामे की जानकारी प्राचार्य बलराम प्रसाद नायक को मिली, तो वे तुरंत कक्षा में पहुँचे और शिक्षक महेश राम से बाहर जाकर शांत रहने को कहा।
लेकिन नशे में धुत महेश राम गुस्सा हो गए और प्राचार्य से उलझ पड़े। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए स्टाफ के साथ भी अभद्रता की। बार-बार समझाने के बावजूद वह नहीं माने और लगातार हंगामा करते रहे।
स्टाफ ने पुलिस को दी सूचना
स्थिति बिगड़ती देख स्कूल स्टाफ ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम स्कूल पहुँची और नशे में हंगामा कर रहे शिक्षक को थाने ले गई।
इसके बाद प्राचार्य ने पूरी घटना की लिखित शिकायत लैलूंगा थाने में दर्ज कराई और इसकी जानकारी शिक्षा विभाग को भी दी।
पहले भी कर चुका है ऐसा कृत्य
प्राचार्य द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि शिक्षक महेश राम का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी वह शराब के नशे में स्कूल परिसर में हंगामा कर चुके हैं। कई बार उन्हें चेतावनी दी जा चुकी है, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आते।बताया गया कि नशे में वह छात्रों और स्टाफ दोनों के साथ अनुचित व्यवहार करते हैं।
पुलिस कर रही जांच
इस घटना के संबंध में लैलूंगा थाना प्रभारी रोहित बंजारे ने बताया कि,
“लारीपाली स्वामी आत्मानंद स्कूल में पदस्थ शिक्षक द्वारा शराब के नशे में हंगामा करने की शिकायत प्राप्त हुई है। पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।”
