कोंडागांव, 1 सितंबर 2025: कोंडागांव सिटी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम शामपुर में सोमवार सुबह एक अधेड़ महिला की संदिग्ध हालात में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतिका की पहचान सगुनाबाई नेताम (उम्र 58 वर्ष, पति दुआरु नेताम) के रूप में हुई है, जिनका शव उनके ही घर के पीछे पाया गया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार सगुनाबाई नेताम अपने घर में अकेली रहती थीं। उनका बेटा, जो कि बोर गाड़ी में काम करता है, बाहर गया हुआ था और हाल ही में कोंडागांव लौटा था। लेकिन महिला की मौत के बाद से वह युवक गांव से गायब बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतिका के शरीर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही कोंडागांव सिटी कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कोंडागांव पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और महिला के बेटे की तलाश जारी है।
फिलहाल, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही मामले से जुड़ी अन्य जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।
