कोंडागांव में औषधि प्रशासन की सख्त कार्रवाई – अखिल मेडिकल स्टोर का लाइसेंस निलंबित

कोंडागांव, 19 जून 2025: जिले में औषधि प्रशासन द्वारा मेडिकल स्टोर्स पर सतत निगरानी और औचक निरीक्षण की मुहिम जारी है। इसी कड़ी में फरसगांव ब्लॉक के तीन मेडिकल स्टोर्स – अखिल मेडिकल स्टोर (बोरगांव), सैनिक मेडिकल स्टोर (फरसगांव) एवं दीक्षा मेडिकल स्टोर (लंजोडा) का औषधि निरीक्षण दल द्वारा निरीक्षण किया गया।

 

निरीक्षण के दौरान अखिल मेडिकल स्टोर में औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम 1940 एवं नियमावली 1945 के उल्लंघन की गंभीर अनियमितताएं पाई गईं। फर्म द्वारा न तो बिल बुक और न ही शेड्यूल H1 रजिस्टर का उचित संधारण किया गया था। साथ ही, फिजिशियन सैंपल का अवैध रूप से भंडारण पाया गया।

 

संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया, लेकिन उत्तर असंतोषजनक पाए जाने पर औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए फर्म का ड्रग लाइसेंस 5 दिनों के लिए निलंबित कर दिया।

 इसके साथ ही, सैनिक मेडिकल स्टोर से रिलकॉफ सिरप और अखिल मेडिकल स्टोर से स्टेमिल एमडी टैबलेट को जांच हेतु राज्य औषधि परीक्षण प्रयोगशाला, रायपुर भेजा गया है।

 

औषधि निरीक्षक सुखचैन सिंह धुर्वे ने जानकारी दी कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर्स को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे दवाइयों की खरीद-बिक्री से संबंधित सभी दस्तावेजों और शेड्यूल H1 रजिस्टर का नियमानुसार संधारण करें। इसके अलावा, सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।

 उन्होंने यह भी बताया कि नार्कोटिक औषधियों एवं एमटीपी किट जैसी विशेष श्रेणी की दवाओं पर औषधि विभाग की विशेष निगरानी जारी है, और किसी भी अनियमितता की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post