कोरबा में मेजर ध्यानचंद की जयंती पर विशेष कार्यक्रम, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नए अवसर

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाए गए राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कोरबा दर्री मुख्य मार्ग स्थित मेजर ध्यानचंद चौक पर नगर निगम कोरबा द्वारा गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

 

इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत, आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, सभापति नूतन सिंह ठाकुर और वरिष्ठ पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने मेजर ध्यानचंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

महापौर ने कहा कि मेजर ध्यानचंद सदैव खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे। खेल दिवस पर हमें संकल्प लेना चाहिए कि खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर प्रयास करें।

 

आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने ध्यानचंद को हॉकी का महानायक बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा से भारत को कई ओलंपिक स्वर्ण पदक दिलाए और देशभक्ति को सर्वोपरि रखा।

 

सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि ध्यानचंद के दौर में भारत को हराना असंभव था। उनकी उपलब्धियां आज भी देश का गौरव हैं।

 

पार्षद नरेन्द्र देवांगन ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य और मानसिक विकास के लिए खेल अत्यंत आवश्यक हैं, वहीं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नौशाद खान ने कहा कि कोरबा की धरती में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत है उन्हें सही मंच और अवसर देने की।

 

इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और नागरिक मौजूद रहे।

Related Post