कोण्डागांव, 27 अक्टूबर 2025। कोण्डागांव जिला पुलिस अधीक्षक येदुवेल्ली अक्षय कुमार का स्थानांतरण रायपुर कर दिया गया है। उन्होंने 27 मई 2023 को कोण्डागांव जिले में एसपी का पदभार संभाला था और लगभग दो वर्षों तक अपनी सेवाएं दीं। इस अवधि में उन्होंने कोंडागांव जिले में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने, नक्सल प्रभावित इलाकों में शांति स्थापित करने तथा जनता के बीच पुलिस की छवि को सकारात्मक बनाने में अहम भूमिका निभाई।
जिला में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने नशा मुक्ति, महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता एवं युवाओं को अपराध से दूर रखने जैसे कई जनहितकारी अभियानों को सफलतापूर्वक संचालित किया। उनके कुशल नेतृत्व और जनसंपर्क के कारण वे आम जनता के बीच लोकप्रिय रहे।
स्थानांतरण की सूचना मिलते ही जिले के विभिन्न समाज संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं आम नागरिकों ने उन्हें सम्मानित करते हुए आभार व्यक्त किया। सर्व समाज द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित भव्य कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अक्षय कुमार का कार्यकाल जिले के लिए यादगार रहेगा और उन्होंने पुलिस प्रशासन की नई पहचान बनाई है।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए रायपुर में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
पहली बार किसी पुलिस अधीक्षक का हुआ इस तरह सम्मान — कोण्डागांव जिले में यह पहला अवसर रहा जब किसी पदस्थ पुलिस अधीक्षक को स्थानांतरण के उपरांत इतने भव्य रूप से सम्मानित किया गया। यह उनके समर्पण और जनता से जुड़ाव का प्रतीक माना जा रहा है।
