तिलकेजा, कल्मीभांठा व बगबुड़ा की राशन दुकानों में गंभीर अनियमितता 12 दिन बाद भी नहीं बंटा राशन, जनपद सदस्य ने की जांच की मांग

कोरबा। ग्राम पंचायत तिलकेजा, कल्मीभांठा एवं बगबुड़ा में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकानों में भारी अनियमितता का मामला सामने आया है। जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक–21 के सदस्य किशन लाल कोसले ने कलेक्टर (खाद्य शाखा) को पत्र लिखकर संबंधित दुकानों का भौतिक सत्यापन एवं जांच कराने की मांग की है।

 

जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने बताया कि ग्राम कल्मीभांठा की शासकीय उचित मूल्य दुकान (आईडी 552001057) तथा तिलकेजा के आमापाली स्थित दुकान (आईडी 552001077) में हर माह खाद्यान्न वितरण में अनावश्यक देरी की जा रही है। कई बार स्टॉक उपलब्ध होने के बावजूद हितग्राहियों को समय पर राशन नहीं दिया जाता।

 

12 दिन बीते, फिर भी नहीं मिला राशन

 

ग्रामीण संतोष कुमार ने बताया कि दिसंबर माह शुरू हुए 12 दिन से अधिक हो चुके हैं, लेकिन अभी तक एक भी हितग्राही को राशन का वितरण नहीं किया गया है। इससे गरीब व मध्यम वर्गीय परिवारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और उन्हें मजबूरी में बाजार से महंगे दामों पर सामग्री खरीदनी पड़ रही है।

 

जनपद सदस्य किशन लाल कोसले ने कहा कि यह स्थिति सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) की गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने कलेक्टर से संबंधित दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, आवंटन, वितरण विवरण एवं शेष सामग्री का भौतिक सत्यापन कर दोषी दुकान संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है।

 

बगबुड़ा में भी हालात वही, सरपंच व ग्रामीण नाराज

 

इसी तरह ग्राम पंचायत बगबुड़ा में भी माह नवंबर 2025 के राशन वितरण को लेकर गंभीर शिकायत सामने आई है। दुकान (आईडी 552001051), जो कि माँ दुर्गा महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित है, वहां बायोमैट्रिक पंचिंग के नाम पर हितग्राहियों को बार-बार दुकान के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।

 

ग्रामीणों और सरपंच का कहना है कि हर महीने इसी तरह देरी की जाती है, जिससे आमजन को काफी असुविधा होती है। जनपद सदस्य ने नवंबर माह के कुल आवंटन, वितरण और शेष राशन सामग्री की जांच कर तत्काल वितरण सुनिश्चित कराने की मांग की है

Related Post