बिलासपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे "चेतना - अतुलनीय बिलासपुर, सुरक्षित बिलासपुर" अभियान के अंतर्गत कोटा पुलिस द्वारा बाल जागरूकता अभियान एवं सियान चेतना कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम 12 जुलाई 2025 को शासकीय कन्या शाला, पुरानी बस्ती, कोटा में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्राएं, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक शामिल हुए।
इस कार्यक्रम में नशा मुक्ति,वृद्ध जनों की सेवा,साइबर सुरक्षा,सकारात्मक जीवन शैली एवं पारिवारिक मूल्य आदि विषयों पर चर्चा की गई। थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग ने बच्चों के बौद्धिक एवं शारीरिक विकास पर विस्तृत चर्चा करते हुए बताया कि जीवन में संयम, अनुशासन और संवेदनशीलता अपनाकर ही हम एक सुरक्षित समाज बना सकते हैं।
सियान चेतना के तहत वृद्धजनों के प्रति सम्मान और सेवा की भावना पर विशेष जोर दिया गया, जिससे बच्चों में सहानुभूति एवं कर्तव्यबोध का विकास हो सके। विद्यालय के प्राचार्य ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
कार्यक्रम में कोटा पुलिस स्टाफ, सहायक उप निरीक्षक शिव कुमार साहू, स्कूली छात्राएं, शिक्षकगण, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने बच्चों में सुरक्षा, सेवा और सदाचार के बीज बोने का कार्य किया, जो आने वाले समय में एक सकारात्मक बदलाव की नींव बनेगा।
