साप्ताहिक समीक्षा बैठक में शौचालयों की साफ–सफाई, जल संरक्षण और जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण पर जोर
प्रतापगढ़,25 नवंबर। जिला स्तरीय अधिकारियों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक में सार्वजनिक स्थलों पर शौचालयों की समुचित साफ–सफाई सुनिश्चित करने और आमजन की समस्याओं का विहित समय में निस्तारण करने के निर्देश दिए गए।इसके साथ ही जल के दुरुपयोग को रोकने पर भी विशेष बल दिया गया।
जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठक मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मौसमी बीमारियों की स्थिति, फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति, राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित होने वाले आगामी कार्यक्रमों तथा विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्यों में बेहतर प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही भवन एवं सड़क मरम्मत के कार्यों की समीक्षा के दौरान संबंधित विभागों को कार्य मानक अनुसार और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीएडी विभाग को छात्रावासों में सभी व्यवस्थाएँ मानक अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने लाइटस पोर्टल के प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को प्रकरणों का समयबद्ध एवं समन्वित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा की आमजन की समस्याओं का संतोषजनक एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की शीर्ष प्राथमिकताओ में से एक है। बैठक में उप वन संरक्षक सुरेश अग्रवाल, सीईओ पर्वत सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
------------
