सफाई कर्मियों की हड़ताल बरकरार, गंदगी से हाल बेहाल प्रशासन मौन
अरनोद। नगरपालिका सफाई कर्मचारियों की हड़ताल अब भी जारी है और इसके जल्द खत्म होने के कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं। कर्मचारियों ने दो टूक कहा है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पांच माह का बकाया वेतन भुगतान और ठेका प्रथा की समाप्ति पर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
लगातार हड़ताल के चलते नगर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लग गए हैं, सड़कों पर बदबू फैल रही है और लोगों का आवागमन तक मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है।
वहीं प्रशासन की चुप्पी से कर्मचारियों में नाराजगी और नागरिकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द समाधान नहीं निकाला गया तो वे भी आंदोलन का रुख अपनाने को मजबूर होंगे।
अब सवाल यह है नगर की स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के बिगड़ते हालात को देखकर प्रशासन कब जागेगा?
