लैलूंगा हल्का नंबर-23 की पटवारी संगीता गुप्ता पर एक बार फिर गंभीर रिश्वतखोरी का आरोप लगा है। सुबरा गांव की महिला गौरी बाई सिदार ने पंचायत बैठक में खुलासा किया कि पटवारी ने फौती नामांतरण के लिए ₹5000 की मांग की थी, जिसमें से ₹3000 पहले ही दिए जा चुके थे। इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है।
पंचायत में मौजूद पंचों और जनप्रतिनिधियों ने भी इन आरोपों की पुष्टि करते हुए कहा कि संगीता गुप्ता पर पहले भी अवैध वसूली के आरोप लगे हैं, लेकिन प्रशासन अब तक मौन बना हुआ है। गांव में गुस्सा इस कदर भड़का है कि ग्रामीणों ने कलेक्टर कार्यालय घेराव और जरूरत पड़ने पर मुख्यमंत्री निवास तक मार्च की चेतावनी दी है। लोगों का कहना है कि वे अब चुप नहीं बैठेंगे—या तो कार्रवाई होगी या आंदोलन।
प्रशासन पर उठे सवाल
बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रशासनिक निष्क्रियता से जनता का भरोसा टूट रहा है। ग्रामीणों ने पूछा—जब भ्रष्टाचार सामने है, वीडियो मौजूद है, पंचनामा तैयार है, तो अब तक कार्रवाई क्यों नहीं?
यह मामला प्रशासन के लिए चेतावनी है। यदि जल्द संगीता गुप्ता पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो लैलूंगा की धरती नए जनआंदोलन की गवाह बनेगी।
