20 वर्षों से सड़क सुविधा से वंचित कोंडागांव नगर के आरईएस कॉलोनी वासी, खोदी गई सड़क आज भी अधूरी, बारिश में बना दलदल

कोंडागांव, 16 जुलाई 2025: शहर की आरईएस कॉलोनी के निवासी बीते 20 वर्षों से मूलभूत सुविधा – पक्की सड़क – के लिए संघर्ष कर रहे हैं। कॉलोनी के लोगों ने वर्षों पूर्व स्वयं श्रमदान एवं आर्थिक सहयोग से नापतोल ऑफिस तक पहुँचने वाली सड़क का निर्माण किया था, जिससे स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिल सके।

 

हालाँकि, हाल ही में नगर पालिका चुनावों से ठीक पहले कॉलोनीवासियों को सीसी रोड (कंक्रीट सड़क) बनाए जाने का आश्वासन दिया गया और मौजूदा सड़क को खोद दिया गया। लेकिन चुनाव के बाद न तो सड़क बनी और न ही कोई कार्यवाही आगे बढ़ी। परिणामस्वरूप, अब सड़क की जगह केवल मिट्टी और बड़े-बड़े पत्थर पड़े हैं, जिससे बारिश में कीचड़ एवं दलदल का गड्ढा बन गया है।

 

इस दौरान स्थानीय निवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। न केवल पैदल चलने वालों को, बल्कि दोपहिया वाहन चालकों को भी यहाँ से निकलना बेहद मुश्किल हो गया है। "बच्चों को स्कूल भेजना हो या किसी बीमार को अस्पताल, हर बार हमें इस दलदल से गुजरना पड़ता है," एक स्थानीय महिला ने नाराज़गी जताते हुए कहा।

 

कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे कई बार प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। लोगों में आक्रोश है और वे इसे चुनावी झूठ व वादाखिलाफी मान रहे हैं।

 

कॉलोनीवासियों ने नगर पालिका से जल्द से जल्द सीसी रोड का निर्माण पूर्ण कराने की माँग की है, ताकि उन्हें सुरक्षित और सुगम आवागमन का अधिकार मिल सके। वहीं सड़क की जल्द मरम्मत नहीं हुई तो पार्षद निवास और नगर पालिका कार्यालय घेराव की कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी है।

Related Post