रायपुर: राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में पत्रकारों के साथ हुई मारपीट की घटना ने प्रदेश में हड़कंप मचा दिया है। इस मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को जयस्तंभ चौक से गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों — जो कि एक बाउंसर एजेंसी से जुड़े हैं — का पुलिस ने जुलूस निकाला। इस दौरान शहर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
वीडियो के लिए क्लिक करें
राजधानी रायपुर के मेकाहारा में पत्रकारों से मारपीट करने वाले बाउंसरों को गिरफ्तार कर निकला जुलूस
घटना तब शुरू हुई जब पत्रकार मेकाहारा अस्पताल में चाकूबाजी से पीड़ित वर्ग की रिपोर्टिंग करने पहुंचे। वहीं, बाउंसर सप्लाई करने वाली एजेंसी का संचालक वसीम पिस्तौल लेकर अस्पताल पहुंच गया, जिससे विवाद और गहरा गया। वसीम ने अपने तीन बाउंसरों के साथ मिलकर न सिर्फ पत्रकारों को धमकाया, बल्कि पुलिस की मौजूदगी में महिला सुरक्षाकर्मियों को अस्पताल के गेट से हटाकर पत्रकारों की ओर धकेलने लगा।
हालात इतने बिगड़ गए कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने पत्रकारों को ही गेट पर रोक दिया, जिससे पत्रकारों में आक्रोश और बढ़ गया। कोई ठोस कार्रवाई न होते देख, पत्रकारों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले धरने के बाद भी जब स्थिति जस की तस बनी रही, तो आक्रोशित पत्रकारों ने मुख्यमंत्री निवास का घेराव कर दिया।
देर रात स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के बाद, पत्रकारों को कार्रवाई का आश्वासन मिला, जिसके बाद धरना प्रदर्शन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया।
